रिपोर्ट लक्ष्मण कश्यप श्यामपुर कांगड़ी
कांगड़ी में पहली बारिश में ही फेल हुई एनएच की जल निकासी व्यवस्था, हाईवे फिर हुआ जलमग्न
श्यामपुर स्थित हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांगड़ी क्षेत्र में पहली ही बारिश ने एनएच की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। हाल ही में एनएचएआई द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन पहली बारिश में ही हाईवे पर जलभराव हो गया, जिससे स्थानीय लोगों, राहगीरों और होटल-ढाबा संचालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले आबादी क्षेत्र का वर्षा जल निकालने के लिए बड़े नाले की योजना थी, जिसे बाद में समाप्त कर दिया गया। इसके साथ ही कई स्थानों पर नालों को भी तोड़कर समतल कर दिया गया, जिससे पानी की निकासी बाधित हो गई और हर वर्ष जलभराव की समस्या बनी रहती है।
एनएचएआई के इंजीनियर प्रमोद कुमार मलिक ने बताया कि फिलहाल पाइपलाइन बिछाने का कार्य हुआ है। अगले सप्ताह इसमें जाली (ग्रिल) लगाकर काम पूरा किया जाएगा, जिसके बाद पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक स्थायी और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था नहीं बनाई जाती, तब तक हर बारिश में कांगड़ी क्षेत्र को इसी तरह जलभराव और परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
