यूट्यूब पर तंत्र-मंत्र का झांसा,   ठग लिए 4.60 लाख  पूरा गिरोह गिरफ्तार,

यूट्यूब पर तंत्र-मंत्र का झांसा,

 

ठग लिए 4.60 लाख

पूरा गिरोह गिरफ्तार,

 

रिपोर्ट: अरुण कश्यप!

 

हरिद्वार। तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का 12 घंटे के भीतर श्यामपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹4.55 लाख नकद, एक लग्जरी एंडेवर कार, आईफोन 17 प्रो मैक्स तथा तंत्र-मंत्र में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।पुलिस के अनुसार 16 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास स्थित मन्नत ढाबा के निकट हरियाणा निवासी विनोद कुमार से ₹4.60 लाख की ठगी कर आरोपी फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी और सघन चेकिंग शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और चेकिंग अभियान के आधार पर चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ‘AGHORA’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाकर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों के वीडियो अपलोड करते थे। इन वीडियो से प्रभावित लोगों को विशेष पूजा का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठते थे। पीड़ित से भी चंडी देवी मंदिर के पास विशेष अनुष्ठान कराने के नाम पर नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवाकर आरोपी फरार हो गए थे।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलकीत उर्फ राकेश शर्मा, मोन्टी जोशी और अर्चना रावत के रूप में की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा आमजन से अंधविश्वास और फर्जी तांत्रिकों के झांसे में न आने की अपील की है।