रिपोर्ट कालू वर्मा
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ₹92 लाख की साइबर ठगी, STF की बड़ी कार्रवाई
उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करीब ₹92.04 लाख की साइबर ठगी के मामले में वांछित अभियुक्त रवि पाटवा (26) को हरियाणा की भोंडसी जेल से वारंट-बी पर लाकर रुद्रपुर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर WhatsApp के जरिए पीड़ित को शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 18 मार्च से 30 अप्रैल 2025 के बीच ₹92.04 लाख की ऑनलाइन ठगी की। आरोपी के खिलाफ हरियाणा और उत्तराखंड में साइबर धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
STF की अपील: शेयर ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देने वाले WhatsApp/Telegram ग्रुप और सोशल मीडिया विज्ञापनों से सावधान रहें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करें।
