रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
आज अमित शाह होंगे हरिद्वार दौरे पर
तैयारियों की अंतिम परीक्षा ली मुख्य सचिव ने ।
हरिद्वार।केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के आज हरिद्वार दौरे को लेकर शासन और प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को बैरागी कैंप स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और गृह सचिव शैलेश बगौली भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए पंडाल, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही राज्य सरकार की विकास यात्रा तथा नए कानूनों से संबंधित प्रस्तावित प्रदर्शनी की तैयारियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर लिया जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा कार्यक्रम के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बड़ी भीड़ को देखते हुए आमजन की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
