बिग ब्रेकिंग रिपोर्ट मोहित प्रधान
खाई में गिरी शिवपुरी चौकी प्रभारी की स्कॉर्पियो, हादसे में मौत
ऋषिकेश। ऋषिकेश क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह चौकी लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा खाई से वाहन और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे के समय वाहन में विनोद शर्मा के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी सवार था या नहीं।
विनोद शर्मा मूल रूप से डोईवाला के रानीपोखरी निवासी थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। अपने शांत स्वभाव और कार्यशैली के कारण वह पुलिस विभाग में काफी लोकप्रिय थे। इससे पूर्व वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके थे।
इस दुखद हादसे से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
