रिपोर्ट कालू वर्मा desh janhit
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने SSC की ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार (22 वर्ष), पुत्र अनिल पासवान, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। STF के अनुसार, आरोपी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था और उस पर नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को परीक्षा केंद्र के कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस उपलब्ध कराने के लिए IP संबंधी जानकारी भेजने का आरोप है।
फरवरी 2026 में दर्ज हुआ था मुकदमा
STF द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के मामले में 14 फरवरी 2026 को देहरादून की कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 58/2026 दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए इसकी विवेचना STF उत्तराखंड को सौंपी गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी अंकित कुमार की भूमिका सामने आई। इसके बाद STF टीम ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की जिम्मेदारी परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करने और नकल जैसी अवांछित गतिविधियों पर नजर रखने की थी।
पहले भी सात आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
STF के अनुसार, इस मामले में गिरोह के सात अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में मामले से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, आरोपी नवंबर 2025 में SSC की टियर-1 मल्टीटास्किंग स्टाफ एवं क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में नकल से संबंधित एक अन्य मुकदमे में भी वांछित चल रहा था।
मोबाइल फोन बरामद
STF ने गिरफ्तार आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक STF/ANTF परवेज अली कर रहे हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल प्रमोद तथा कांस्टेबल प्रदीप और रवि पंत शामिल रहे।
