ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह पर एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

 

रिपोर्ट कालू वर्मा देश जनहित

देहरादून। ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश के नाम पर उत्तराखण्ड के नागरिकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के विरुद्ध एसटीएफ उत्तराखण्ड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर BotBro, BotAlpha, Cross Market, Mine Crypto, Meta Trade 5, Financial Freedom एवं TLC Coin जैसी ऑनलाइन कम्पनियों के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफे, विदेश यात्रा और कम समय में अमीर बनने का लालच देकर निवेश कराने का आरोप है।

 

एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठा मुख्य अभियुक्त लविश चौधरी BotBro, BotAlpha सहित कई ऑनलाइन कम्पनियों के माध्यम से ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहा था। जांच में उक्त कम्पनियों का RBI एवं SEBI में पंजीकृत नहीं होना भी प्रकाश में आया है।

 

दो आरोपी गिरफ्तार

 

एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नवीन सिंह नेगी पुत्र हर्षवर्धन सिंह नेगी, निवासी ग्राम ब्यूरो देबल, तहसील बसुकेदार, जिला रुद्रप्रयाग, हाल निवासी सिद्धि विनायक कॉलोनी, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 35 वर्ष तथा कविता परमार पत्नी अरुण परमार, निवासी बालावाला, देहरादून, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है।

 

एसटीएफ की विवेचना में सामने आया कि नवीन सिंह नेगी वर्ष 2022 से QFX कम्पनी से जुड़कर निवेश एवं लाभ प्राप्त कर रहा था। बाद में वह विदेश में बैठे मुख्य अभियुक्त लविश चौधरी द्वारा संचालित BotBro एवं BotAlpha जैसी कम्पनियों के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित कर रहा था। नवीन सिंह नेगी कम्पनी में किंग लेवल की पोजीशन का पोर्टफोलियो धारक था।

 

कविता परमार की रोबो आईडी में जुड़े थे 10 से 15 हजार लोग

 

गिरफ्तार अभियुक्ता कविता परमार वर्ष 2022 से QFX कम्पनी से जुड़ी थी। पूछताछ में सामने आया कि उसने स्वयं एवं अपने परिजनों की आईडी बनाकर निवेश किया तथा अपनी रेफरल आईडी के माध्यम से अन्य लोगों को जोड़कर बड़ा डाउनलाइन नेटवर्क तैयार किया था।

 

अभियुक्ता की रोबो आईडी में लगभग 10 से 15 हजार लोग जुड़े होने की जानकारी मिली है। वह कम्पनी में सीनियर ईगल एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। अभियुक्ता के अनुसार उसे कम्पनी से प्रतिमाह लगभग 1,000 डॉलर का लाभ प्राप्त होता था।

 

पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वर्ष 2023 से 2026 के मध्य कम्पनी के सेमिनार में शामिल होने के लिए वह मलेशिया, थाईलैण्ड, दुबई एवं वियतनाम की लगभग 12 से 13 विदेश यात्राएं कर चुकी है। इन यात्राओं में आने-जाने, रहने एवं खाने का पूरा खर्च कम्पनी द्वारा वहन किया जाता था।

 

अभियुक्ता द्वारा देहरादून एवं उत्तराखण्ड के विभिन्न स्थानों पर कम्पनी का प्रचार-प्रसार किया जाता था। इसके अलावा Zoom Meeting एवं WhatsApp ग्रुप के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था। इन ऑनलाइन बैठकों में एक समय पर लगभग 1,000 लोग जुड़ते थे।

 

BotBro बंद होने के बाद RISENWAYS नाम से नई कम्पनी का प्रचार

 

एसटीएफ की विवेचना में यह भी सामने आया कि BotBro कम्पनी बंद होने एवं उसके नाम पर विभिन्न अभियोग पंजीकृत होने के बावजूद नवीन सिंह नेगी द्वारा RISENWAYS नाम से नई कम्पनी बनाकर पुनः लोगों को ऑनलाइन बिजनेस से जोड़ने के लिए Zoom Meeting के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा था।

 

इसके बाद अभियुक्तगण के विरुद्ध साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मु0अ0सं0 053/2026, धारा 318(4), 61(2), 3(5) बीएनएस, 66डी आईटी एक्ट एवं धारा 3/21(3) BUDS Act के तहत एक अन्य अभियोग पंजीकृत कराया गया।

 

निवेशकों के खातों में डॉलर के रूप में दिखाई जाती थीं केवल संख्याएं

 

पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि निवेशकों द्वारा कम्पनी के बैंक खातों में जमा कराई गई धनराशि के बदले उनके ऑनलाइन खातों में डॉलर के रूप में केवल संख्याएं प्रदर्शित की जाती थीं, जबकि वह कोई वास्तविक धनराशि नहीं होती थी।

 

एसटीएफ के अनुसार इस जानकारी से ऑनलाइन निवेश के नाम पर संचालित नेटवर्क की कार्यप्रणाली के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

 

दो मोबाइल फोन बरामद

 

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से विवो एवं ओप्पो कम्पनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोन को विवेचना में साक्ष्य संकलन के लिए पुलिस कब्जे में लिया गया है।

 

मोबाइल फोन में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, बैंकिंग विवरण, व्हाट्सएप चैट, BotBro, BotAlpha, Mine Crypto एवं RISENWAYS सहित अन्य ऑनलाइन कम्पनियों से संबंधित जानकारी तथा ऑनलाइन ट्रेडिंग खातों के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी एवं डॉलर में किए गए लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की संभावना है। इनका परीक्षण एवं विश्लेषण किया जा रहा है।

 

मुख्य अभियुक्त एवं अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच जारी

 

प्रकरण में निवेशकों से प्राप्त धनराशि के वास्तविक स्रोत एवं गंतव्य, विभिन्न बैंक खातों, नकद लेन-देन, क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से हुए लेन-देन तथा विदेश में बैठे मुख्य अभियुक्त एवं अन्य सहयोगियों की भूमिका के संबंध में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

 

माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ द्वारा प्रकरणों की विवेचना के लिए एसटीएफ उत्तराखण्ड के अधीन विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया गया है।

 

श्री नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था/एसटीएफ/साइबर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखण्ड द्वारा राज्य के विभिन्न जनपदों में पंजीकृत अभियोगों की एकीकृत विवेचना के दृष्टिगत प्रत्येक केस की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग की जा रही है तथा गठित एसआईटी टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

 

एसटीएफ की आम जनता से अपील

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश के नाम पर अत्यधिक मुनाफे, विदेश यात्रा अथवा कम समय में धन दोगुना करने का प्रलोभन देने वाली अनधिकृत कम्पनियों एवं व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी ऑनलाइन निवेश से पूर्व कम्पनी की वैधानिकता एवं नियामक संस्थाओं में पंजीकरण की जांच अवश्य करें।