रिपोर्ट कालू वर्मा
1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹15 लाख
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ)/एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसटीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर थाना सेलाकुई पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। टीम ने सेलाकुई क्षेत्र में घेराबंदी कर स्कूटी (जूपिटर) की डिक्की में छिपाकर ले जाई जा रही 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद की। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पहचान कैटामाइन के रूप में की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार पुत्र राजेश कुमार निवासी जमनपुर, सेलाकुई (देहरादून) तथा अंकित तिवारी पुत्र दिनेश निवासी नगला कल्लू, शाहाबाद देहात, हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेलाकुई, देहरादून के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को यह मादक पदार्थ सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन, एक जूपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ/एएनटीएफ को दें। उन्होंने कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों और संगठित ड्रग नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
