महिला ने पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग, हालत गंभीर।।

महिला ने पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

 

रिपोर्ट– अरुण कश्यप

जनहित इंडिया

 

– मायके ने ससुराल पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

 

– झुलसी महिला का बयान: खुद लगाई आग, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप भी दर्ज

 

हरिद्वार, (गौरव कुमार)। सिडकुल क्षेत्र में एक विवाहित महिला ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे जया मैक्सवेल अस्पताल बहादराबाद में भर्ती कराया गया, जहां से उसे चिकित्सकों ने देहरादून रेफर कर दिया। महिला करीब 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने खुद ही आग लगाने की बात कही है। वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार देर शाम जया मैक्सवेल अस्पताल बहादराबाद से सूचना मिली थी कि भारती (28) पत्नी आशीष कुमार निवासी हेत्तमपुर आन्नेकी, थाना सिडकुल पेट्रोल डालकर झुलस गई है। सूचना पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। वहां भारती का उपचार चल रहा था। चिकित्सकों के मुताबिक, भारती करीब 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी लेकिन बोलने की स्थिति में थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी को दी गई, जिसके बाद तहसीलदार सचिन कुमार अस्पताल पहुंचे और भारती के मृत्युकालिक कथन दर्ज किए। तहसीलदार के समक्ष भारती ने स्वयं पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात कही और किसी प्रकार की प्रताड़ना या दबाव से इनकार किया। इसके बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जया सिद्धार्थ अस्पताल, देहरादून रेफर कर दिया। रविवार को पीड़िता के मायके पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि भारती को ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे। मायके पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।