अपनी ही हत्या की सुपारी देने की साजिश का पर्दाफाश,
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जाकिर सहित छह हिरासत में।
जमीनी विवाद में विपक्षी को फंसाने के लिए खुद रची हत्या की झूठी कहानी, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा!
रिपोर्ट:अरुण कश्यप!
हरिद्वार। थाना बहादराबाद पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है, जिसने सभी को चौंका दिया। यहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य जाकिर पुत्र ताहिर, निवासी ग्राम घोड़ेवाला ने अपने ही विपक्षी को फंसाने के लिए अपनी हत्या की झूठी साजिश रच डाली।
दरअसल, 12 अक्टूबर को जाकिर ने थाना बहादराबाद में तहरीर दी थी कि उसके विपक्षी जावेद पुत्र याकूब, याकूब, मुनफेत और जुनेद ने उसकी हत्या करवाने के लिए 30 लाख रुपये की सुपारी दी है। उसने जलालपुर और रुड़की के कुछ युवकों के नाम भी शामिल किए थे। मामला गंभीर था, इसलिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तुरंत जांच के आदेश दिए।
थानाध्यक्ष बहादराबाद के निर्देशन में पुलिस टीम ने जब तफ्तीश शुरू की, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। जांच में सामने आया कि जाकिर ने खुद ही तीन युवकों—आजम, उस्मान और सोहेल—को 50 हजार रुपये देने का लालच देकर अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से अपनी गाड़ी पर फायरिंग कराने की योजना बनाई थी। इसका उद्देश्य था विपक्षी पर झूठा हत्या की सुपारी देने का आरोप लगाना और अदालत में चल रहे जमीनी विवाद में बढ़त हासिल करना।
पुलिस पूछताछ में पूरा षड्यंत्र बेनकाब हो गया। सभी आरोपियों ने थाने में ही एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जाकिर सहित छह लोगों को हिरासत में लिया और उसकी लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली, जिसका रिन्यूवल भी समाप्त था।जाकिर और उसके भतीजे खालिक के खिलाफ धारा 21/30 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही, पिस्टल का लाइसेंस निरस्तीकरण रिपोर्ट भी संबंधित प्राधिकारी को भेजी जा रही है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि किसी निर्दोष को झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
