कुंभ मेला–2027 की तैयारियों में तेजी, सड़क–घाट निर्माण और पेयजल परियोजनाओं को मिली रफ्तार

कुंभ मेला–2027 की तैयारियों में तेजी, सड़क–घाट निर्माण और पेयजल परियोजनाओं को मिली रफ्तार

 

रिपोर्ट:अरुण कश्यप!

हरिद्वार। कुंभ मेला–2027 को दिव्य और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, पेयजल निगम और जल संस्थान सहित कई विभाग अपनी–अपनी परियोजनाओं पर सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।

लोक निर्माण विभाग ने बहादराबाद–सिद्धकुल चार लेन मार्ग को BHEL बैरियर संख्या 6 से शिलालिक नगर चौक तक चौड़ा और मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया है। वहीं दिल्ली–हरिद्वार–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग 334 पर पंतद्वीप से फैक्ट्रूपुर तक डबल लेन तथा सुधार कार्य भी जल्द प्रारंभ होने वाला है। ज्वालापुर–ईदगाह–शिलालिक नगर मार्ग पर पतरी रोह नदी पर 60 मीटर स्पान का प्री–स्ट्रेस्ड आर्च पुल तेजी से तैयार किया जा रहा है।सिंचाई विभाग ने पथरी नदी से डाउनस्ट्रीम पुरानी गंगनहर पर 90 मीटर स्पान पुल के निर्माण को दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा सिंहद्वार से ऋषिकुल, ऋषिकुल से साक्षी सतनाम घाट और अमरापुर घाट से तुलसी घाट तक कई महत्वपूर्ण घाटों के निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। एस्केप चैनल पर भी नए घाट विकसित किए जा रहे हैं, जिससे कुंभ अवधि में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित स्नान व्यवस्था मजबूत होगी।

कुंभ क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए पेयजल निगम ने बैरागी कैंप में 1500 किलोलीटर क्षमता वाले ऊंचे जलाशय, दो नलकूप और पंप हाउस का कार्य शुरू कर दिया है। लालजीवाला, दक्षिणी हरिद्वार और गोसाईं मोहल्ला क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने और हाउसिंग कार्य जारी हैं। जल संस्थान ने पावनधाम, श्यामलोक और प्राथमिक विद्यालय क्षेत्र में नलकूप निर्माण प्रारंभ किया है।

कुंभ मेला प्रशासनिक नियंत्रण भवन, CCR–2 भवन, रेलवे फीडर मार्ग सुधार तथा रोशनाबाद पुलिस लाइन में महिला बैरक निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेज दिए गए हैं। सुखी नदी क्षेत्र में ब्रिज निर्माण, सीएसआईआर परिसर में वीआईपी घाट तथा मल्टी लेवल पार्किंग के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। देवपुर, मायापुर और अपर रोड क्षेत्र में पार्किंग एवं वेलकम गेट–साइनाज लगाने का कार्य प्रगति पर है।