नववर्ष की पूर्व संध्या पर आईजी गढ़वाल के सख्त निर्देश,
कानून व यातायात व्यवस्था को लेकर समन्वय गोष्ठी आयोजित।
रिपोर्ट:अरुण कश्यप
____________________
ऋषिकेश।नववर्ष 2026 की पूर्व संध्या पर पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरुप ने कानून एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से तीन जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय गोष्ठी की। यह गोष्ठी दिनांक 31 दिसंबर 2025 को थाना मुनि की रेती क्षेत्र में आयोजित की गई, जिसमें जनपद देहरादून, पौड़ी गढ़वाल एवं टिहरी गढ़वाल के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
आईजी गढ़वाल ने निर्देश दिए कि नववर्ष के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय अथवा अवांछनीय घटना न हो, इसके लिए सभी थाना क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाए तथा प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तीनों जनपदों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित और निर्बाध रखने पर विशेष जोर दिया।नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाने, ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही होटल, ढाबों एवं कैंपों के संचालकों व स्टाफ का अनिवार्य सत्यापन कराने तथा पर्यटकों के बीच किसी भी प्रकार के विवाद या अव्यवस्था की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए।आईजी ने स्पष्ट किया कि पुलिस नववर्ष के दौरान आमजन और पर्यटकों के प्रति मित्रवत, सहयोगात्मक एवं सजग भूमिका में कार्य करे, ताकि क्षेत्र की कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पर्यटन की सकारात्मक छवि बनी रहे।गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल सहित संबंधित जनपदों के क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
