चिकित्सकों ने किया डॉक्टर एवं हॉस्पिटल एसोसिएशन का गठन

चिकित्सकों ने किया डॉक्टर एवं हॉस्पिटल एसोसिएशन का गठन

 

रिपोर्ट अरुण कश्यप।

चिकित्सकों व अस्पतालों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएगी एसोसिएशन: डॉ. विशाल वर्मा

 

हरिद्वार, 4 जनवरी।

शहर के चिकित्सकों ने एकजुट होकर डॉक्टर एवं हॉस्पिटल एसोसिएशन का गठन किया है। एसोसिएशन के गठन के बाद पदाधिकारियों ने प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता के माध्यम से संगठन के उद्देश्यों, नीतियों और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी।

 

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विशाल वर्मा ने कहा कि चिकित्सा जगत की गरिमा बनाए रखने तथा चिकित्सकों और अस्पतालों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से इस संगठन की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि आए दिन अस्पतालों में तोड़फोड़, चिकित्साकर्मियों के साथ मारपीट और उग्र भीड़ द्वारा हिंसा की घटनाएं चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में एसोसिएशन चिकित्सकों के लिए एक मजबूत ढाल बनकर खड़ी होगी।

 

उपाध्यक्ष डॉ. सुचित्रा सिंह और डॉ. अभिषेक गोयल ने कहा कि मरीजों और चिकित्सकों के बीच बेहतर संवाद और विश्वास कायम करना एसोसिएशन की प्राथमिकता रहेगी, जिससे उपचार प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

 

कोषाध्यक्ष डॉ. श्रेया गोयल ने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन की सदस्यता केवल उन्हीं चिकित्सकों और अस्पतालों को दी जाएगी, जो निर्धारित चिकित्सा मानकों और नियमों का पूर्ण रूप से पालन करेंगे। संगठन का उद्देश्य उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाना, तकनीकी कारणों से होने वाली अवैध सीलिंग की कार्रवाई को रोकना तथा नियमों के दायरे में काम करने वाले अस्पतालों को संरक्षण देना है।

 

संयुक्त सचिव डॉ. एच. रहमान, डॉ. कशिश सचदेवा और डॉ. मोहित चौहान ने कहा कि एसोसिएशन आम जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं, सही उपचार और चिकित्सा से जुड़े तथ्यों के प्रति जागरूक करने के लिए भी कार्य करेगी।

 

मुख्य समन्वयक डॉ. नितीश सैनी एवं मीडिया समन्वयक डॉ. अभिषेक पाराशर और डॉ. वीनस कुमार ने बताया कि संगठन शासन-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर चिकित्सकों व मरीजों के हित में कार्य करेगा।

 

पत्रकारवार्ता में डॉ. संजय माहेश्वरी, डॉ. राकेश सिंघल, डॉ. विपिन मेहरा, डॉ. सलोनी बस्सी, डॉ. शौर्य शर्मा, डॉ. ऋषभ दीक्षित, अश्वनी कुमार, डॉ. अभय चौहान और डॉ. भरत सेठी सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे।