रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
“गायत्री मंत्र जन-जन की चेतना, यही राष्ट्र परिवर्तन की शक्ति”
— शांतिकुंज शताब्दी समारोह में बोले गृहमंत्री अमित शाह
हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार में आयोजित शताब्दी समारोह में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि गायत्री मंत्र जन-जन की चेतना है और यही राष्ट्र परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी सर्वजन कल्याण की आधारशिला है। अब राष्ट्र के जागरण का समय आ चुका है।
मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड, विशेष रूप से सप्तर्षि भूमि शांतिकुंज में आकर हजारों वर्षों की तपस्या और साधना की ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने गायत्री महामंत्र को जन-जन तक पहुँचाकर वैश्विक मानवतावाद और वैज्ञानिक अध्यात्मवाद की सुदृढ़ नींव रखी।
उन्होंने कहा कि “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” का सूत्र ही राष्ट्र परिवर्तन की कुंजी है। गायत्री महामंत्र केवल संस्कृत का मंत्र नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाला ऊर्जा-स्रोत है।
गायत्री परिवार बना वैश्विक जनआंदोलन : मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूज्य गुरुदेव द्वारा रोपित अखिल विश्व गायत्री परिवार रूपी बीज आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो विश्वभर में ज्ञान, संस्कार और सद्भाव की छाया प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार अब केवल धार्मिक संस्था नहीं, बल्कि सामाजिक, नैतिक और आध्यात्मिक नवजागरण का व्यापक जनआंदोलन बन चुका है।
भारत के जागरण में ही विश्व का जागरण : डॉ. चिन्मय पण्ड्या
शताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि भारत के जागरण में ही सम्पूर्ण विश्व का जागरण निहित है। यह भूमि योग, साधना और तप की परंपरा की रही है, जिसने राष्ट्र को दिशा दी है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से राष्ट्र-निर्माण के इस यज्ञ में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
पुस्तकों का विमोचन, अतिथियों का सम्मान
समारोह के दौरान गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री धामी एवं अन्य अतिथियों द्वारा “सतयुग का सूर्योदय” और “माताजी की अमृतवाणी” सहित कई पुस्तकों का विमोचन किया गया। समापन अवसर पर अतिथियों को रुद्राक्ष माला एवं गंगाजली भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में देश-विदेश के 80 से अधिक देशों से आए हजारों स्वयंसेवक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।
शांतिकुंज पहुंचकर युगऋषिद्वय को नमन
शताब्दी समारोह से पूर्व गृहमंत्री अमित शाह ने शांतिकुंज पहुंचकर युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा की चरण पादुकाओं तथा अखण्ड दीपक के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने युगऋषिद्वय की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर विश्व बंधुत्व की प्रार्थना की।
इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलदीदी से आत्मीय भेंट कर सामाजिक समरसता एवं विश्व बंधुत्व पर विचार-विमर्श किया गया।
