सहकारिता की आड़ में करोड़ों की ठगी का खुलासा अधिक ब्याज और सरकारी गारंटी का झांसा देकर 6.80 करोड़ हड़पने वाले दो सरगना गिरफ्तार

रिपोर्ट दिशा शर्मा जनहित इंडिया

सहकारिता की आड़ में करोड़ों की ठगी का खुलासा

अधिक ब्याज और सरकारी गारंटी का झांसा देकर 6.80 करोड़ हड़पने वाले दो सरगना गिरफ्तार

हल्द्वानी। जनता को अधिक ब्याज और सरकारी गारंटी का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले का खुलासा एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि रामनगर कोतवाली में 13 जून 2023 को इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने वर्ष 2017 में देवभूमि बहुउद्देशीय स्वायत्त सहकारिता के नाम से हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में कार्यालय खोलकर निवेशकों से धन एकत्र किया। आरोपियों ने उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देते हुए अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपदों के भोले-भाले नागरिकों को अधिक ब्याज का लालच देकर निवेश कराया। कुछ समय बाद दोनों कार्यालय अचानक बंद कर दिए गए, जिसके बाद पीड़ितों ने रामनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत और सचिव विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये एकत्र किए और उसका गबन कर फरार हो गए। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं और आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन के ठोस साक्ष्य मिले। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ समेत कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुख्ता सूचना के आधार पर 4 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को नैनीताल जनपद के लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल (उम्र 45 वर्ष) और विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी एसकेएम स्कूल के पास, देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल (उम्र 41 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि हेमचंद पंत के खाते में करीब 2 करोड़ 26 लाख रुपये तथा विकास दुर्गापाल के खाते में लगभग 4 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि जमा की गई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा पुलिस टीम को 2500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।