रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
जमालपुर कलां पेयजल योजना का जल अर्पण दिवस आयोजित, हर घर नल-हर घर जल का संकल्प दोहराया
हरिद्वार।जल जीवन मिशन के तहत जनपद हरिद्वार के विकासखंड बहादराबाद स्थित जमालपुर कलां गांव में निर्मित पम्पिंग पेयजल योजना का जल अर्पण दिवस शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति तथा पेयजल निगम हरिद्वार द्वारा किया गया।
जल अर्पण समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने किया। इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचें। इसी उद्देश्य से जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर नल और हर घर जल सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जमालपुर कलां गांव के लगभग 10,508 परिवारों को नल कनेक्शन से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया है।
सांसद ने जल स्तर में हो रही गिरावट पर चिंता जताते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग को आवश्यक बताया और अधिकाधिक वृक्षारोपण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय जल संकट का होगा, इसलिए जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि जल योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से हर घर तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लालढांग क्षेत्र में ओवरहेड टैंकों के संचालन, जनरेटर की व्यवस्था तथा हैंडपंपों की नियमित जांच की आवश्यकता बताई। साथ ही प्राथमिक विद्यालय जमालपुर कलां के उच्चीकरण और गांव को सीवर लाइन से जोड़ने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण को लेकर वृक्षारोपण किया गया, जल जांच किट वितरित की गई तथा छात्रों द्वारा बनाई गई पेंटिंग और ड्रॉइंग्स का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
