कुंभ मेले की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी ने दक्षद्वीप व बैरागी कैंप का किया निरीक्षण।

Report Arun Kashyap janhit India

कुंभ मेले की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी ने दक्षद्वीप व बैरागी कैंप का किया निरीक्षण।

 

हरिद्वार।आगामी कुंभ मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मेलाधिकारी सोनिका सिंह स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने मंगलवार सुबह दक्षद्वीप और बैरागी कैंप क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने प्रस्तावित सड़कों, पुलों और घाटों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। बैरागी कैंप में अखाड़ों एवं धार्मिक संस्थाओं के लिए चिन्हित शिविर स्थलों का अवलोकन कर भूमि समतलीकरण और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

दक्षद्वीप क्षेत्र में घाटों की सीढ़ियों, रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने, नियमित सफाई व मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। गंगा तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए किसी भी तकनीकी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।मेलाधिकारी ने बिजली, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अतिक्रमणमुक्त भूमि प्रबंधन पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना प्रशासन की प्रतिबद्धता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ ट्रैफिक विनोद सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।