रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
जनसुनवाई में 51 शिकायतें दर्ज, 28 का मौके पर निस्तारण
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश।
हरिद्वार |जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को आयोजित किए जा रहे जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, पेयजल, जलभराव, नाली निर्माण, सड़क एवं सीवर जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कई प्रकरणों में जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित कर समाधान कराया, जबकि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक था, उनके लिए आपसी समन्वय के साथ निरीक्षण कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई शिकायतकर्ता पुनः उसी समस्या को लेकर जनसुनवाई में आता है और संबंधित अधिकारी द्वारा समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।
