देश को जातियों के नाम पर बांटने वालों को देश कभी माफ नहीं करेगा: पंडित अधीर कौशिक।

देश को जातियों के नाम पर बांटने वालों को देश कभी माफ नहीं करेगा: पंडित अधीर कौशिक।

 

हरिद्वार। देश में इन दिनों जाति के नाम पर समाज को बांटने की कोशिशें तेज़ होती जा रही हैं। इस प्रवृत्ति को देश और समाज के लिए घातक बताते हुए श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के अध्यक्ष अधीर कौशिक ने कड़ी चिंता जताई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग राजनीतिक लाभ के लिए समाज को जातियों में बांटकर आपसी वैमनस्य और संघर्ष की नींव डाल रहे हैं, उन्हें देश कभी माफ नहीं करेगा। बातचीत के दौरान अधीर कौशिक ने कहा कि भारत की ताकत उसकी सामाजिक एकता और विविधता में निहित है, लेकिन दुर्भाग्यवश कुछ राजनीतिक ताकतें अपनी “राजनीतिक रोटियां सेंकने” के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच खाई पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर लोगों को भड़काना न केवल निंदनीय है, बल्कि यह देश की सामाजिक संरचना को कमजोर करने वाला कृत्य भी है।अधीर कौशिक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते इस तरह की राजनीति पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो भविष्य में यह देश में विघटन का कारण बन सकती है। इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ेगा और आपसी विश्वास टूटेगा, जो अंततः देश के भविष्य के लिए एक बड़ा खतरा साबित होगा।उन्होंने सभी नागरिकों से जाति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की अपील की और कहा कि समाज को जोड़ने वाली सोच ही भारत को आगे ले जा सकती है, न कि बांटने वाली राजनीति।