रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
कुंभ मेला–2027 को लेकर मेला प्रशासन व अखाड़ों के बीच अहम बैठक
अमृत स्नान पर्वों पर भव्य पेशवाई, दिव्य-भव्य आयोजन को लेकर बनी सहमति
हरिद्वार, 25 फरवरी 2026। आगामी कुंभ मेला–2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन और अखाड़ों के बीच समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सीसीआर भवन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मेला अधिकारी सोनिका ने की, जिसमें विभिन्न अखाड़ों के श्रीमहंतों, साधु-संतों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में कुंभ मेला–2027 को अखाड़ों व साधु-संतों की सम्मति के अनुरूप दिव्य एवं भव्य स्वरूप में आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। अखाड़ों की ओर से स्पष्ट किया गया कि परंपरानुसार अमृत स्नान पर्वों पर भव्य पेशवाई निकाली जाएंगी, जो कुंभ मेले का प्रमुख आकर्षण होंगी।
चर्चा के दौरान अखाड़ों की छावनी हेतु भूमि आवंटन, पेशवाई की व्यवस्थाएं, अमृत स्नान की तैयारियां, शिविरों में बिजली-पानी, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात एवं अग्नि सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन हुआ। मेला अधिकारी सोनिका ने कुंभ क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि सभी व्यवस्थाएं अखाड़ों की परंपराओं और गरिमा के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी।
इस अवसर पर रविंद्र पुरी ने कहा कि सभी अखाड़े कुंभ मेले को भव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जानी चाहिए। वहीं हरि गिरी ने प्रशासनिक तैयारियों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अखाड़ों की छावनियों के लिए भूमि आवंटन की रूपरेखा एक माह के भीतर अंतिम रूप दी जाएगी। मेला प्रशासन ने अखाड़ों से निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
