रिपोर्ट सुनील शर्मा जनहित इंडिया
ऋषिकुल पार्किंग में अवैध रास्तों से असामाजिक तत्वों का खतरा, संचालक ने जिलाधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र!
हरिद्वार। ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम विद्यापीठ के पश्चिम मैदान में स्थित पार्किंग स्थल की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पार्किंग संचालक राहुल बंसल ने जिलाधिकारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र सौंपकर पार्किंग क्षेत्र में बनाए गए अवैध रास्तों को तत्काल बंद कराने की मांग की है।
राहुल बंसल ने बताया कि पार्किंग क्षेत्र में दो अवैध रास्ते खोल दिए गए हैं। इनमें से एक रास्ता रेलवे ट्रैक की ओर से सीधे पार्किंग में आता है, जहां दीवार तोड़कर रास्ता बनाया गया है, जबकि दूसरा रास्ता पास की कॉलोनी की ओर से बनाया गया है। उनका कहना है कि पार्किंग का संचालन नियमानुसार किया जा रहा है, लेकिन कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा जबरन ये रास्ते खोल दिए गए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि जब इन रास्तों को बंद करने का प्रयास किया जाता है तो कुछ कथित स्थानीय नेता हस्तक्षेप कर कार्यवाही रुकवा देते हैं। इससे पार्किंग में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ रही है और वाहनों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
राहुल बंसल ने बताया कि पहले भी पार्किंग में खड़े वाहनों के शीशे तोड़े जा चुके हैं, जिसका नुकसान पार्किंग संचालक को स्वयं उठाना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन अवैध रास्तों को जल्द बंद नहीं किया गया तो असामाजिक तत्व पार्किंग में खड़े सैकड़ों वाहनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि पार्किंग परिसर के भीतर बिना अनुमति एक भूखंड को पार्क बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद खतरनाक है। बच्चों के वाहनों के बीच खेलने से किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले चालकों का भी कहना है कि रात के समय संदिग्ध लोग पार्किंग के आसपास घूमते दिखाई देते हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।इस संबंध में जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जो ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम के प्रशासक भी हैं, ने मामले का संज्ञान लेते हुए अवैध रास्तों को जल्द बंद कराने का आश्वासन दिया है और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
