रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का एआरटीओ कार्यालय पर औचक निरीक्षण, आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश।
हरिद्वार,।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय हरिद्वार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, आमजन को दी जा रही सुविधाओं तथा प्रवर्तन गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवहन कार्यालय में अपने कार्यों एवं समस्याओं को लेकर आने वाले नागरिकों के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक प्रतीक्षा या असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कार्यालय की कार्यप्रणाली पारदर्शी और जनहितकारी होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्राइविंग लाइसेंस निर्धारित नियमों के अनुसार और उचित ड्राइविंग परीक्षण के आधार पर ही जारी किए जाएं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय परिसर के बाहर संचालित दुकानों और ढाबों को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर के आसपास किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को बैठने की अनुमति न दी जाए और अनावश्यक भीड़भाड़ को समाप्त किया जाए।
जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा रात्रिकालीन चेकिंग अभियान भी नियमित रूप से चलाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
