Report Arun Kashyap janhit India
हरिद्वार को ‘ग्रीन सिटी’ बनाने की दिशा में तेजी, एचआरडीए ने शुरू किए सौंदर्यीकरण और हरित विकास के कार्य।
हरिद्वार। शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने विभिन्न क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण और हरित विकास के कार्य तेज कर दिए हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि इन प्रयासों के माध्यम से हरिद्वार को भविष्य में एक आदर्श ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आईएएस सोनिका ने बताया कि फिलहाल शहर के कुछ चयनित क्षेत्रों में ही सौंदर्यीकरण और हरित विकास के कार्य शुरू किए गए हैं। इन कार्यों में खाली पड़ी जमीनों का विकास, पौधारोपण, हरित पट्टियों का निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने के प्रयास शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन कार्यों का दायरा बढ़ाकर पूरे शहर में लागू किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की टीम शहर के विभिन्न हिस्सों का सर्वे कर उन स्थानों को चिन्हित कर रही है जहां सौंदर्यीकरण और हरित पट्टी विकसित की जा सकती है। योजना के तहत शहर की ग्रीन बेल्ट को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य किए जाएंगे, जिससे शहर का पर्यावरण बेहतर हो सके।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे कुछ क्षेत्रों को भी हरित पट्टी के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे शहर में हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।
प्राधिकरण के उद्यान विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से न केवल हरिद्वार का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि शहर के नागरिकों को स्वच्छ वातावरण भी मिलेगा। आने वाले कुछ महीनों में शहर की ग्रीन बेल्ट को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा, जिससे हरिद्वार को एक स्वच्छ और हरित शहर के रूप में पहचान मिल सके।
