श्यामपुर में हाईटेंशन लाइन के नीचे बसाई जा रही अवैध कॉलोनी, भूमाफिया बेखौफ

रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया

श्यामपुर में हाईटेंशन लाइन के नीचे बसाई जा रही अवैध कॉलोनी, भूमाफिया बेखौफ

हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की चेतावनियों के बावजूद जिले में अवैध कॉलोनियों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कुछ भूमाफिया प्राधिकरण को खुली चुनौती देते हुए श्यामपुर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के नीचे अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी में जुटे हैं। हाईवे से सटी इस जमीन पर अभी से ही आसमान छूती कीमतों पर भूखंडों की बिक्री का खेल शुरू हो चुका है।

गौरतलब है कि मंगलवार के अंक में भी सराय मार्ग पर अवैध निर्माण और वहां भूमाफियाओं के मजबूत होते नेटवर्क का मामला उजागर किया गया था। अब श्यामपुर क्षेत्र में भी इसी तरह का खेल सामने आने से विभागीय कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, श्यामपुर में एक नहीं बल्कि कई स्थानों पर अवैध कॉलोनियों का कारोबार संचालित किया जा रहा है, लेकिन संबंधित विभागीय अधिकारी अब तक कोई ठोस कदम उठाते नजर नहीं आ रहे हैं।सबसे गंभीर बात यह है कि हाईटेंशन लाइन के नीचे या आसपास कॉलोनी विकसित करना सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद खतरनाक माना जाता है। इसके बावजूद भूमाफिया आम लोगों को झांसे में लेकर प्लॉट बेचने में जुटे हैं। अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने वाले लोगों को बाद में भारी नुकसान उठाना पड़ता है। न तो ऐसे क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर मिल पाती हैं और न ही वैध स्वीकृतियों का लाभ।

प्राधिकरण के अधिकारी समय-समय पर जनता को चेतावनी जारी करता रहा है कि बिना मानचित्र स्वीकृति और वैध अनुमति वाली कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से बचें। इसके बावजूद यदि विभाग ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो श्यामपुर में यह अवैध कारोबार आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है। अब जरूरत है कि प्राधिकरण भूमाफियाओं पर सख्त शिकंजा कसे और भोली-भाली जनता को ठगी से बचाए।

 

 

 

क्या कहते हैं अधिशासी अभियंता

 

अधिशासी अभियंता राजन कुमार ने बताया कि आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है शीघ्र ही इन अवैध कॉलोनी के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी