रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
कुंभ-2027 को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार में की समीक्षा
हरिद्वार।आगामी कुंभ मेला 2027 को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार पहुंचकर मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में अवस्थापना विकास, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, घाटों के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार कुंभ को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और व्यवस्थागत क्षमता का प्रतीक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।
मंत्री ने मानसून को देखते हुए कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए। साथ ही पार्किंग, यातायात, शौचालय, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद मंत्री ने बैरागी कैंप में निर्माणाधीन नलकूपों और ओवरहेड टैंक का निरीक्षण कर 31 अक्टूबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
