रिपोर्ट: अरुण पंत, पौड़ी
देवप्रयाग में बड़ा हादसा: गंगा में समाई तेज रफ्तार कार, सर्च ऑपरेशन जारी।
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सैनिक होटल और पंत गांव के बीच स्थित डंपिंग जोन के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने सुरक्षा पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी और सीधे गंगा नदी की तेज धाराओं में समा गई।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना के बाद से नदी में कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि वाहन में कुल कितने लोग सवार थे।
पुलिस वाहन के नंबर और अन्य उपलब्ध स्रोतों के आधार पर कार तथा उसमें सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। गंगा नदी में तेज बहाव और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।
