रिपोर्ट:अरुण कश्यप!
फर्जी पाए गए 462 राशन कार्ड, निरस्त, प्रशासन की सख्ती
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में राशन कार्डों के विशेष सत्यापन अभियान के तहत प्रशासन ने अपात्र एवं दोहरे लाभ लेने वाले लाभार्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान अब तक 462 राशन कार्ड और 2202 यूनिट निरस्त किए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्रों में ऐसे परिवारों की पहचान हुई है जो दोनों राज्यों में राशन कार्ड बनवाकर गैस कनेक्शन, आयुष्मान योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अनुचित लाभ प्राप्त कर रहे हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में विशेष सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है।अभियान के तहत 28 अप्रैल 2026 से 8 जून 2026 तक कुल 20,861 राशन कार्डों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान आर्थिक रूप से सक्षम, अपात्र, मृतक तथा लंबे समय से जनपद से बाहर निवास कर रहे व्यक्तियों के राशन कार्ड चिन्हित किए गए। इसके बाद नियमानुसार 462 राशन कार्डों को निरस्त करते हुए उनसे संबंधित 2202 यूनिट भी समाप्त कर दी गईं।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सत्यापन कार्य में तेजी लाने तथा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि अपात्र व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
