देश भर में लापता 1664 कौशल्या की जांच, 600 घंटे की फुटेज, लाखों मोबाइल नंबरों की जांच के बाद खुला ब्लाइंड मर्डर केस शादी का दबाव बना मौत की वजह, हरिद्वार पुलिस ने 25 दिन में सुलझाई अज्ञात महिला की हत्या

रिपोर्ट:लक्ष्मण कश्यप

देश भर में लापता 1664 कौशल्या की जांच,

 

600 घंटे की फुटेज, लाखों मोबाइल नंबरों की जांच के बाद खुला ब्लाइंड मर्डर केस

 

शादी का दबाव बना मौत की वजह, हरिद्वार पुलिस ने 25 दिन में सुलझाई अज्ञात महिला की हत्या

हरिद्वार। चंडी देवी रोपवे मार्ग के पास झाड़ियों में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस ने 25 दिनों की अथक मेहनत के बाद सुलझा लिया है। मृतका की पहचान न होने और हत्यारों का कोई सुराग न मिलने के कारण यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विवेचना, सीसीटीवी विश्लेषण और मोबाइल डाटा के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया।

 

10 मई को श्यामपुर क्षेत्र में चंडी देवी मंदिर के रोपवे के पास झाड़ियों में एक महिला का सड़ा-गला शव मिला था। शव पर कोई वस्त्र नहीं थे और चेहरा पूरी तरह खराब हो चुका था, जिससे पहचान करना लगभग असंभव था। मौके से केवल टूटे मंगलसूत्र, कुंडल, गमछा और गले में कसा ब्लाउज बरामद हुआ था।

 

जांच के दौरान पुलिस ने 600 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली, 2019 के बाद देशभर में दर्ज 164 लापता कौशल्या नाम की महिलाओं का सत्यापन किया तथा निर्वाचन रिकॉर्ड में दर्ज 3540 कौशल्या नाम की महिलाओं का भी डाटा जुटाया। इसके अलावा लाखों मोबाइल नंबरों और डंप डाटा का विश्लेषण किया गया।

 

आखिरकार पुलिस को 8 मई की फुटेज में तीन संदिग्ध युवकों के साथ एक महिला चंडी देवी की ओर जाते दिखाई दी। लौटते समय महिला उनके साथ नहीं थी। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस बांदा (उत्तर प्रदेश) पहुंची और राकेश, रामप्रकाश उर्फ गोविंदा तथा छेदीलाल को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतका कौशल्या का रामप्रकाश से प्रेम संबंध था। पहले से विवाहित रामप्रकाश पर कौशल्या शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर उसने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर चंडी देवी दर्शन के बहाने हरिद्वार बुलाया और गला घोंटकर हत्या कर दी।

 

बॉक्स : ऐसे खुला ब्लाइंड मर्डर

 

– 600 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण

– लाखों मोबाइल नंबर और डंप डाटा की जांच

– देशभर की 164 लापता कौशल्या की जानकारी खंगाली

– निर्वाचन रिकॉर्ड में दर्ज 3540 महिलाओं का सत्यापन

– 700 किमी दूर बांदा पहुंचकर तीन आरोपी गिरफ्तार

– प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव में की गई हत्या

 

पुलिस टीम को मिला सम्मान

 

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा समेत सीआईयू और श्यामपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले का खुलासा किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल ने टीम को 5 हजार तथा एसएसपी हरिद्वार ने 2500 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।