रिपोर्ट: लक्ष्मण कश्यप, श्यामपुर
कांगड़ी में बगीचे में निकला विशालकाय सांप, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
बरसात के मौसम में ग्रामीण इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गुरुवार को श्यामपुर क्षेत्र के कांगड़ी गांव में कुलदीप के बगीचे में एक विशालकाय सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी शिवेक मौके पर पहुंचे। इस दौरान सांप भागकर घर के आंगन में घुस गया, लेकिन संगमरमर के फर्श पर तेजी से नहीं चल सका। वन कर्मी ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
रेंजर महेश शर्मा ने बताया कि जंगल से सटे क्षेत्रों में बरसात के दौरान इस तरह की घटनाएं सामान्य हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं, उसे मारने की बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद घर के लोगों ने राहत की सांस ली।
