फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने वाले गन हाउस मालिक को STF ने किया गिरफ्तार उत्तराखण्ड STF ने अंतर्राज्यीय नेटवर्क का किया खुलासा, यूपी, हरियाणा और उत्तराखण्ड तक जुड़े तार

रिपोर्ट कालू वर्मा

देहरादून। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस एवं अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार करने के मामले में एक गन हाउस मालिक को गिरफ्तार किया है। STF की जांच में इस पूरे मामले के तार उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखण्ड से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवा शस्त्रागार/गन हाउस के मालिक शैलेन्द्र पुत्र राजपाल, निवासी गायत्री ग्रीन, बाईपास रोड, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

 

दरअसल, थाना प्रेमनगर, जनपद देहरादून में मु0अ0सं0 09/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 भादवि एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। 15 जनवरी 2026 को इस मामले में अभियुक्त मनोज कुमार के कब्जे से एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस, .30 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।

 

सिरसा से मेरठ और फिर देहरादून ट्रांसफर दिखाया गया था लाइसेंस

 

जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त मनोज कुमार के शस्त्र लाइसेंस को सिरसा से मेरठ और बाद में देहरादून स्थानांतरित दर्शाया गया था। STF की जांच में पाया गया कि सिरसा जिलाधिकारी कार्यालय से उक्त शस्त्र लाइसेंस कभी जारी ही नहीं किया गया था। जांच के बाद लाइसेंस पूरी तरह फर्जी पाया गया।

 

विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर STF को जानकारी मिली कि उक्त फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार कराने में शिवा शस्त्रागार के मालिक शैलेन्द्र की भूमिका रही है। इसके बाद STF टीम ने साक्ष्यों के आधार पर शैलेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।

 

अंतर्राज्यीय नेटवर्क की जांच जारी

 

STF के अनुसार, मामले की विवेचना में फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार करने वाले एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। इस नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखण्ड से जुड़े होने की जानकारी मिली है। STF द्वारा नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

 

STF ने स्पष्ट किया है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे संगठित अपराध में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

गिरफ्तार अभियुक्त

 

शैलेन्द्र पुत्र राजपाल

निवासी- 69, गायत्री ग्रीन, बाईपास रोड, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश।

 

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास

 

1. मु0अ0सं0 693/2024, धारा 340, 338, 336, 318, 3 एवं 109 BNS, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ।

2. मु0अ0सं0 09/2026, धारा 420, 467, 468, 471, 120-B भादवि एवं धारा 5/25 आर्म्स एक्ट, थाना प्रेमनगर, देहरादून।

 

STF टीम

 

– निरीक्षक यादविंदर सिंह बाजवा

– उ0नि0 कमाल हसन

– अ0उ0नि0 योगेंद्र सिंह

– का0 दीपक चंदोला

– का0 दीपक नेगी

 

: कार्यालय स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तराखण्ड, देहरादून | दिनांक 06 सितंबर 2026