मुख्यमंत्री धामी ने किया माया देवी मंदिर में छड़ी यात्रा का शुभारंभ
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार। अधिष्ठात्री देवी मां माया देवी मंदिर से शुरू हुई छड़ी यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिविधान से किया। मुख्यमंत्री ने मां भगवती का पूजन कर यज्ञ में आहुति अर्पित की और छड़ी का पूजन कर उसे अपने कंधे पर रखकर माया देवी मंदिर की परिक्रमा की। इस प्रकार उन्होंने यात्रा का औपचारिक आरंभ किया। इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंत्री हरी गिरी सहित विभिन्न अखाड़ों के संतगण मौजूद रहे। धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ी यह छड़ी यात्रा हरिद्वार के साथ पूरे प्रदेश में आध्यात्मिक उत्साह का संचार करती है। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री धामी के साथ मां माया देवी के जयकारे लगाए और यात्रा में शामिल होकर धार्मिक वातावरण को और भी भक्ति भाव से भर दिया। श्रद्धा और उत्साह से ओतप्रोत माहौल में यात्रा का शुभारंभ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।