कार्तिक पूर्णिमा पर भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम मयूर दीक्षित ने मनसा देवी मंदिर का किया निरीक्षण।।

कार्तिक पूर्णिमा पर भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम मयूर दीक्षित ने मनसा देवी मंदिर का किया निरीक्षण

 

रिपोर्ट दिशा शर्मा 

 

हरिद्वार।

आगामी कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को मां मनसा देवी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सौंदर्यकरण, सुरक्षा और पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुदृढ़ हों।

 

डीएम ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर प्रभावी भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की जाए। भीड़ अधिक बढ़ने पर केवल मुख्य मंदिर ही खुला रखा जाए और रोपवे संचालन अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने 2 से 6 नवम्बर तक सभी निर्माण और मरम्मत कार्यों को रोकने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा न हो।

 

उन्होंने मंदिर परिसर में बने चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया और वहां ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, उन्होंने मनसा देवी पहाड़ी क्षेत्र के कटाव रोकने वाले कार्यों में पूर्ण गुणवत्ता और सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने कहा कि मां मनसा देवी मंदिर का भव्य सौंदर्यकरण धार्मिक पर्यटन और पर्यावरण दोनों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। उन्होंने साफ-सफाई और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।