धर्मनगरी हरिद्वार भूकंप के शक्तिशाली झटकों से दहली— जिला प्रशासन ने 6 स्थानों पर मॉक ड्रिल कर परखी तैयारियां
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार में शुक्रवार सुबह 10:10 बजे आए 6.3 तीव्रता के भूकंप के झटकों से हड़कंप मच गया। आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियों की परख के लिए जिला प्रशासन ने उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार छह स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की। मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में आईआरएस टीम ने विभिन्न स्थलों पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
परिदृश्य के अनुसार जिला अस्पताल की छत गिरने से छह लोग घायल हुए, जबकि शिवपुल हर की पैड़ी टूटने से 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया। रेलवे स्टेशन पर विस्फोट की स्थिति में तीन की मृत्यु और सात घायल दिखाए गए। रुड़की इंटर कॉलेज की छत ढहने से दो बच्चों की मौत और पांच घायल दर्शाए गए। लक्सर क्षेत्र में तटबंध टूटने से बाढ़ की स्थिति में दो की मृत्यु और कई घायल बताए गए।
ड्रिल में पुलिस, SDRF, NDRF, फायर, स्वास्थ्य, होमगार्ड, पीआरडी, JCB और एम्बुलेंस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए अपनी भूमिका निभाई।
