चुगान के पट्टे की आड़ में पोकलैंड से अवैध खनन,  सूचना पर पहुंचे जिला खान अधिकारी।

चुगान के पट्टे की आड़ में पोकलैंड से अवैध खनन,

सूचना पर पहुंचे जिला खान अधिकारी।

 

रिपोर्ट: अरुण कश्यप

हरिद्वार!लक्सर तहसील क्षेत्र के रामपुर रायघटी में चुगान के पट्टे की अनुमति की आड़ में पोकलैंड मशीन से अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से मामले की सूचना जिला प्रशासन को दी गई, जिसके बाद जिला खान अधिकारी मोहम्मद काज़िम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि प्रशासन के पहुंचने से पहले ही पोकलैंड मशीन को गंगा नदी के उस पार भगा दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर रायघटी क्षेत्र में किसी नंदकिशोर के नाम से चुगान का पट्टा स्वीकृत है। आरोप है कि इसी पट्टे की आड़ में पट्टा संचालक द्वारा पोकलैंड मशीन को गंगा नदी में उतारकर अवैध खनन का प्रयास किया जा रहा था। जैसे ही ग्रामीणों ने नदी क्षेत्र में पोकलैंड मशीन को चलते देखा, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना जिला प्रशासन और खनन विभाग को दी।सूचना मिलते ही जिला खान अधिकारी मोहम्मद काज़िम मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पोकलैंड मशीन को हटाया जा चुका था। मौके पर निरीक्षण के दौरान जिला खान अधिकारी ने स्पष्ट किया कि उक्त स्थल पर केवल चुगान संचालन की अनुमति है, न कि किसी प्रकार के खनन की। पोकलैंड मशीन से खनन करना पूरी तरह अवैध है।जिला खान अधिकारी ने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पट्टा स्वामी को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान की अनुमति की आड़ में यदि दोबारा खनन या नदी क्षेत्र से छेड़छाड़ की गई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर प्रशासन की सतर्कता और ग्रामीणों की भूमिका को अहम माना जा रहा है।