रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
घने कोहरे व शीतलहर के चलते हरिद्वार में 16 जनवरी को सभी स्कूल व आंगनबाड़ी बंद
हरिद्वार। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी मौसम चेतावनी के बाद जिलाधिकारी हरिद्वार ने बड़ा निर्णय लिया है। मौसम विभाग ने 16 जनवरी 2026 को जनपद हरिद्वार के अनेक क्षेत्रों में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने तथा शीतलहर/शीत दिवस की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।
बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आदेश जारी करते हुए जनपद हरिद्वार के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 16 जनवरी 2026 को शिक्षण कार्य पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर छात्रहित में ऑनलाइन माध्यम से वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था संचालित कर सकते हैं। वहीं बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित प्रयोगात्मक परीक्षाएं एवं प्री-बोर्ड परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने समस्त तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
