हरिद्वार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, जिला पूर्ति अधिकारी व सहायक 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
रिपोर्ट अरुण कश्यप
हरिद्वार। देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके सहायक गौरव शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिला पूर्ति कार्यालय परिसर में की गई, जिससे पूरे विभाग में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा एक राशन डीलर से किसी कार्य के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। इससे परेशान राशन डीलर ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई।
शुक्रवार को तय रणनीति के तहत विजिलेंस टीम ने जैसे ही जिला पूर्ति अधिकारी ने अपने सहायक के माध्यम से रिश्वत की रकम ली, तत्काल छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी रकम मौके से बरामद कर ली।
कार्रवाई के बाद जिला पूर्ति कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विजिलेंस टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
