रिपोर्ट डॉ नीरज शर्मा रणखंडी जनहित इडिया
विद्युत अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव, ग्रामीणों ने किया जोरदार प्रदर्शन
लक्सर। लक्सर विकास समिति की ओर से पूर्व राज्यमंत्री रविंद्र सिंह आनंद के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों, किसानों व आम नागरिकों ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली बिलों में लगाए जा रहे सरचार्ज, अनावश्यक अधिभार, जबरन वसूली और गरीबों के बिजली कनेक्शन काटे जाने के खिलाफ नारेबाजी की।
पूर्व राज्यमंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि ऊर्जा निगम गरीब, किसान और मजदूरों के साथ अन्याय कर रहा है। वर्ष 2025 की भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवार आज भी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, बावजूद इसके सरचार्ज और विलंब शुल्क लगाकर जनता का शोषण किया जा रहा है। यह पूरी तरह जनविरोधी और सामाजिक न्याय के खिलाफ है।
प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि बिजली बिलों से सरचार्ज व अधिभार तत्काल हटाए जाएं, गरीब व बाढ़ प्रभावित परिवारों को विशेष राहत दी जाए, बिना सूचना के बिजली काटने पर रोक लगे तथा बकाया बिलों के लिए किस्त व्यवस्था लागू की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान फिरोज सिद्दीकी, रईस अहमद मंसूरी, मोहम्मद अफजल, जहांगीर खान, मंगल सिंह, प्रेम सिंह सैनी, पिंकी देवी, सरिता देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
