गाजीवाली। ठाकुर दत्त काला जूनियर हाई स्कूल के तृतीय वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

Report Lakshman Nikhil janhit India

गाजीवाली।

ठाकुर दत्त काला जूनियर हाई स्कूल के तृतीय वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

गाजीवाली स्थित ठाकुर दत्त काला जूनियर हाई स्कूल का तृतीय वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पहाड़ी गीतों पर नृत्य के साथ-साथ देशभक्ति गीतों पर छोटे-छोटे बच्चों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि रिटायर्ड कैप्टन व आर्मी स्कूल रायवाला की प्रधानाचार्या दीक्षा शर्मा तथा गुरुकुल कांगड़ी फार्मेसी के जनरल मैनेजर भीम दत्त सेमवाल ने कहा कि ठाकुर दत्त काला स्कूल संस्कारों और शिक्षा का अद्भुत केंद्र है। ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सराहनीय कार्य है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि बच्चे की पहली गुरु माता होती है, इसके बाद शिक्षक उसका मार्गदर्शन करता है। माता-पिता का भी कर्तव्य है कि विद्यालय में दी जा रही शिक्षा और संस्कारों का पालन घर पर भी कराएं।

विद्यालय के प्रबंधक ललित मोहन काला व सुरेश काला ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कारों का विकास करना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय द्वारा निर्धन परिवारों के 35 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।

डॉ. संतोष चमोला ने कहा कि बच्चा कच्ची मिट्टी के घड़े के समान होता है, जिसे सही मार्गदर्शन से सुंदर रूप दिया जा सकता है। आर्मी स्कूल रायवाला के पुस्तकालय अध्यक्ष विपिन त्रिपाठी ने ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे विद्यालयों की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रधानाध्यापिका हेमा काला ने कहा कि विद्यालय की स्थापना से ही बच्चों को अनुशासन, बेहतर शिक्षा और खुले वातावरण में सीखने का अवसर दिया जा रहा है। विद्यालय की संस्थापिका जसूली देवी ने बताया कि स्कूल का उद्देश्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है।

कार्यक्रम में जनकल्याण पर्वतीय संगठन के अध्यक्ष ईश्वरी दत्त भट्ट, सोनिका सेमवाल, संतोष सेमवाल, योगेश चंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।