रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
जनपद में अपराध नियंत्रण और मित्र पुलिस मॉडल पर रहेगा फोकस : एसएसपी नवनीत भुल्लर
हरिद्वार। जनपद के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताएं और चुनौतियां साझा कीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हरिद्वार में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और पुलिस व आमजन के बीच विश्वास कायम कर “मित्र पुलिस” के मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
एसएसपी नवनीत भुल्लर ने कहा कि जनपद के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू और जाम मुक्त बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस तभी प्रभावी हो सकती है, जब आमजन के साथ उसका संवाद और सहयोग मजबूत हो, इसी दिशा में मित्र पुलिस की भूमिका को और सशक्त किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में कई स्थानों पर भिक्षावृत्ति की समस्या सामने आई है। इसके समाधान के लिए भिक्षुक गृहों की क्षमता बढ़ाने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस के समक्ष कानून-व्यवस्था बनाए रखना सदैव बड़ी चुनौती होती है। उभरती चुनौतियों में नशा और साइबर अपराध दो प्रमुख समस्याएं हैं, जिन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने ओवरलोडिंग और ई-रिक्शाओं के सुव्यवस्थित संचालन पर भी सख्ती से काम किए जाने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरिद्वार पुलिस जनहित, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
