रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
देहरादून में डॉ. भीमराव अंबेडकर महामंच की विशाल रैली, कांग्रेस मुख्यालय घेराव का प्रयास विफल
देहरादून। डॉ. भीमराव अंबेडकर महामंच के आह्वान पर शनिवार को राजधानी में एक विशाल रैली आयोजित की गई, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली का उद्देश्य कांग्रेस पार्टी के प्रदेश मुख्यालय का घेराव करना था, लेकिन भारी पुलिस बल ने कनक चौक पर बैरिकेडिंग कर भीड़ को आगे बढ़ने से रोक दिया।
रैली में भैरव सेना,प्रजापति महासंघ, अखिल भारतीय अंबेडकर महासभा सहित कई सामाजिक संगठनों की सहभागिता रही। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने तथा सरकार को बेवजह बदनाम करने के आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रदेश में सामाजिक समरसता और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा जाए, पिछड़े व दलित वर्ग के हितों की अनदेखी पर कांग्रेस स्पष्ट जवाब दे। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के संरक्षण व सम्मान पर जोर दिया और कहा कि इस दिशा में पहल करने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है।
रैली के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लागू नीतियों व निर्णयों के माध्यम से सामाजिक न्याय को सशक्त करने के प्रयासों का समर्थन जताया गया। साथ ही कांग्रेस की मुख्यमंत्री विरोधी यात्रा को दलित एवं पिछड़ा विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताते हुए उसका प्रतिवाद किया गया।
इस मौके पर संघ के महामंत्री मोहित कर्नवाल, विनोद आजाद, संगीता प्रजापति, मोहित चौहान, उमेश बस, राजवीर कटारिया, फिरोज, जॉनी धुरंधर, सद्दाम, साकिब, आशु, नरेश, खाली, मोनू राणा सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण व अनुशासित रहा और भविष्य में लोकतांत्रिक तरीके से संगठित विरोध जारी रखने का संकल्प लिया गया।
