रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
नमामि गंगे के तहत जगजीतपुर 68 एमएलडी एसटीपी को राष्ट्रीय सम्मान
हरिद्वार। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत निर्मित जगजीतपुर 68 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) को बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवार्ड्स में “सोशल इम्पैक्ट एक्सीलेंस ऑफ द ईयर अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल द्वारा प्रदान किया गया।
राज्य की ओर से यह पुरस्कार मीनाक्षी मित्तल, परियोजना प्रबंधक (निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई—गंगा), उत्तराखण्ड पेयजल निगम, हरिद्वार द्वारा प्राप्त किया गया। हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) पर आधारित यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ गंगा अभियान को मजबूती और सतत जल प्रबंधन में उल्लेखनीय योगदान के लिए चयनित हुई।
आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह एसटीपी हरिद्वार नगर के अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक उपचार कर पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निर्वहन सुनिश्चित करता है। संयंत्र के संचालन से गंगा में प्रदूषण भार में कमी आई है और निर्मल धारा के लक्ष्य को गति मिली है।
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, नमामि गंगे उत्तराखण्ड ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए स्वच्छ नदियों और टिकाऊ जल अवसंरचना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। यह सम्मान तकनीकी उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन का प्रमाण है।
