ऋषिकुल पार्किंग में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग – स्थानीय महिलाओं ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में सौंपा ज्ञापन,

रिपोर्ट जनहित इंडिया

ऋषिकुल पार्किंग में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग

– स्थानीय महिलाओं ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में सौंपा ज्ञापन,

– टीन शेड की दुकानों व अवैध गतिविधियों को हटाने की मांग

हरिद्वार,संवाददाता। ऋषिकुल नई बस्ती क्षेत्र के निवासियों ने ऋषिकुल चौक के समीप स्थित पार्किंग स्थल में बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया गया। ज्ञापन में बताया गया कि ऋषिकुल नई बस्ती के पास बनी पार्किंग, जो ऋषिकुल विद्यापीठ संस्था की देखरेख में संचालित हो रही है, उसके अंदर और आसपास लंबे समय से अवैध गतिविधियां चल रही हैं। आरोप है कि यहां टीन शेड बनाकर कुछ अस्थायी दुकानें संचालित की जा रही हैं, जिनकी आड़ में शराबखोरी, जुआ और नशे जैसी गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान के कार्यालय में पहुंची क्षेत्रीय महिलाओं का कहना है कि

इन गतिविधियों के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यहां से गुजरना और आसपास घूमना-फिरना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र की छवि भी खराब हो रही है। महिलाओं ने सिटी मजिस्ट्रेट से मांग की है कि ऋषिकुल चौक पार्किंग और उसके आसपास बने अवैध टीन शेड व दुकानों को हटाकर असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना भी घट सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की भी मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में जगत सिंह रावत, ललिता प्रसाद पांडेय, किरन उप्रेती, सीमा भटट, कुसुम रावत, गीता उप्रेती, राजेश्वरी सोराड़ी, लीला तिवारी, निधी अशवाल, सरिता पांडेय, वर्षा पोखरियाल, गीता बोरा,रुकमणी पंचोली आदि मौजूद रहे।