Report Arun Kashyap janhit India
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश।
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ के दिव्य-भव्य आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुंभ 2027 के आयोजन में किसी स्तर पर कोई कमी नहीं रहेगी और स्वीकृतियां तुरंत जारी की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, सीवरेज और सुरक्षा से जुड़े स्थायी कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता व समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए विभागों को समन्वित रणनीति के साथ काम करने के निर्देश दिए।सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक से लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना के निर्देश दिए। साथ ही सीसीआर-2 भवन, खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल परियोजनाओं को भी शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने की बात कही। ऋषिकेश, मुनीकीरेती समेत कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया गया।मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि सड़कों, पुलों, घाटों, जलापूर्ति, चिकित्सा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से जुड़ी 33 स्थायी योजनाएं निर्माणाधीन हैं। बैठक में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
