रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज रोहालकी बहादराबाद के कनिष्ठ सहायक अमन सैनी निलंबित,
फर्जी हस्ताक्षर और धन गमन के आरोपों से मचा हड़कंप।
बहादराबाद/हरिद्वार। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज रोहालकी, बहादराबाद में कार्यरत कनिष्ठ सहायक अमन सैनी पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विद्यालय की शुल्क संबंधी अभिलेखों में कथित फर्जी हस्ताक्षर करने तथा शुल्क के रूप में प्राप्त धनराशि के गमन के गंभीर आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच की संस्तुति भी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक में इस पूरे प्रकरण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रबंध समिति ने सर्वसम्मति से अमन सैनी को निलंबित करने का निर्णय लिया। इस निर्णय के बाद विद्यालय प्रबंधन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान कनिष्ठ सहायक अमन सैनी विद्यालय परिसर स्थित कक्ष संख्या-4 में उपस्थित रहेंगे। साथ ही उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस अवधि में वे विद्यालय के किसी भी अभिलेख, दस्तावेज या शुल्क संबंधी रिकॉर्ड के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करेंगे। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।विद्यालय प्रबंधन की ओर से जारी पत्र में मामले को गंभीर मानते हुए इसकी सूचना निदेशक माध्यमिक शिक्षा, उत्तराखंड सरकार, अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा, पौड़ी गढ़वाल, प्रबंधक राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, प्रधानाचार्य तथा वरिष्ठ लिपिक को भी प्रेषित कर दी गई है।विद्यालय में हुई इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सभी की नजर विभागीय जांच पर टिकी है कि आखिर शुल्क अभिलेखों में फर्जीवाड़े और धन गमन के इस मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं और संबंधित अधिकारी किस स्तर तक जिम्मेदारी तय करते हैं।
