रिपोर्ट कालू वर्मा जनहित इंडिया
हरिद्वार में गूंजा नशा मुक्ति का बिगुल: मां गंगा के तट पर सैकड़ों युवाओं का ऐतिहासिक संकल्प
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा के पावन तट पर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने समाज को नई दिशा देने का संदेश दिया। सफल प्रयास मिशन एवं निर्बल निर्धन विधिक सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य नशा मुक्ति अभियान में सैकड़ों युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नशे के खिलाफ निर्णायक जंग का ऐलान किया।
कार्यक्रम के संयोजक कारण पंडित के नेतृत्व में यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप लेता नजर आया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब हर युवा अपने भविष्य और समाज के लिए जागे और नशे जैसी घातक बुराई को जड़ से खत्म करने का संकल्प ले।
मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी ऊर्जावान बना दिया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि देश की असली ताकत युवा हैं, और जब युवा सही दिशा में कदम बढ़ाते हैं तो हर बुराई का अंत निश्चित होता है।
विशिष्ट अतिथि ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने नशे के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए युवाओं को इसके कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परिणामों से अवगत कराया और सभी को नशा मुक्त जीवन की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन राजेश रस्तोगी ने शानदार ढंग से किया, जबकि अध्यक्षता सत्यनारायण शर्मा ने की।
इस मौके पर स्वामी ऋषि ईश्वर आनंद जी महाराज, राम विशाल दास जी महाराज, पूर्व राज्य मंत्री विमल कुमार, शुभम गिरी जी महाराज, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल गर्ग, स्वामी विश्वास जी, आशीष कुमार झा, नमन बालाजी, धनंजय पाराशर, अभिषेक राणा, रुद्रांश बंसल, सोनू गिरी, अंशुल बॉबी, कुणाल वीर गुर्जर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पल वह रहा जब सैकड़ों युवाओं ने एक स्वर में शपथ ली— “न खुद नशा करेंगे, न किसी को करने देंगे”। मां गंगा के साक्षी में लिया गया यह संकल्प हरिद्वार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक नई उम्मीद और बदलाव का संदेश बनकर उभरा।
यह अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक नई सोच, नई शुरुआत और नशा मुक्त भारत की ओर बढ़ता हुआ मजबूत कदम साबित हुआ।
