रिपोर्ट अरुण कश्यप जनहित इंडिया
कुंभ 2027 में देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान की तैयारियां शुरू
हरिद्वार, 27 मार्च। कुंभ मेला-2027 में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान को दिव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य सरकार के निर्देश पर इस आयोजन को उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था के भव्य प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन, हरिद्वार में बैठक आयोजित हुई, जिसमें देव डोलियों के स्नान, शोभायात्रा की तिथि, आवागमन मार्ग, ठहराव स्थलों और पारंपरिक संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, लोक संस्कृति से जुड़ी समितियों, मेला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि इस आयोजन से देश-दुनिया को उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक परंपराओं और लोक संस्कृति का दर्शन होगा। वहीं विधायक दिलीप रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आयोजन को भव्य बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में तय हुआ कि गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में समन्वयकों की नियुक्ति की जाएगी तथा शुभ मुहूर्त के आधार पर कार्यक्रम की तिथि तय होगी। देव डोलियों के आगमन पर हरिद्वार में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
