Report Arun Kashyap Desh janhit media
राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत, अब मोबाइल से होगी ई-केवाईसी
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल की जनपदवासियों से अपील
मुकेश पाल ने जनपद के सभी राशन कार्ड धारकों से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील करते हुए बड़ी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि अब राशन कार्ड धारकों को ई-केवाईसी कराने के लिए राशन डीलर के पास जाने की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग द्वारा नई ई-केवाईसी मोबाइल ऐप की सुविधा शुरू कर दी गई है, जिसके माध्यम से लोग अपने मोबाइल फोन से ही घर बैठे ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार जनपद में वर्तमान समय में लगभग 4 लाख 7 हजार राशन कार्ड पंजीकृत हैं। इनमें से करीब 71 प्रतिशत राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है, जबकि लगभग 29 प्रतिशत लाभार्थियों की प्रक्रिया अभी शेष है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो रोजगार, पढ़ाई या अन्य कारणों से जनपद से बाहर रह रहे हैं, जिसके चलते वे राशन डीलर तक नहीं पहुंच पा रहे थे।
इसी समस्या के समाधान के लिए विभाग ने मोबाइल आधारित ई-केवाईसी ऐप लॉन्च की है। इस सुविधा से बाहर रहने वाले लाभार्थियों को भी राहत मिलेगी और वे कहीं से भी अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि समय रहते ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें ताकि भविष्य में राशन वितरण से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
