हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: पंजाब से फेक करेंसी गैंग के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ₹1.10 लाख के नकली नोट, प्रिंटर व कार बरामद

रिपोर्ट कालू वर्मा

हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: पंजाब से फेक करेंसी गैंग के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ₹1.10 लाख के नकली नोट, प्रिंटर व कार बरामद

 

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने नकली करेंसी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब से गैंग के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹1,10,000 के नकली नोट, नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर तथा एक वरना कार बरामद की है।

 

गौरतलब है कि 06 जुलाई 2026 को कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार एवं संजीव कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹84,500 के नकली नोट बरामद किए थे। इस संबंध में मुकदमा संख्या 335/26 धारा 179, 180, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया था।

 

मामले की गहन विवेचना के दौरान 10 जुलाई 2026 को न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) मिलने पर टिंकू और सुमित से पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर हरिद्वार पुलिस की टीम पंजाब पहुंची, जहां कार्रवाई करते हुए पवन कुमार को पठानकोट हाईवे स्थित बापू दा ढाबा से ₹5,000 के नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे आरोपी सुखबीर सिंह को ₹1,00,000 के नकली नोट, नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर और वरना कार सहित दबोच लिया गया।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि पवन कुमार ढाबे की आड़ में और सुखबीर सिंह कपड़े के व्यवसाय की आड़ में नकली नोटों का कारोबार चला रहे थे। आरोपी असली ₹50,000 लेकर बदले में ₹1,00,000 के नकली नोट उपलब्ध कराकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

 

पुलिस के अनुसार, सुखबीर सिंह वर्ष 2020 में बैंक फ्रॉड और वर्ष 2024 में जाली करेंसी रखने के मामले में पंजाब से जेल जा चुका है। वहीं पवन कुमार वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल गया था। जेल में दोनों की दोस्ती हुई, जिसके बाद इन्होंने नकली नोट बनाने और सप्लाई करने का नेटवर्क तैयार किया।

 

हरिद्वार पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

 

गिरफ्तार आरोपी

 

1. पवन कुमार पुत्र मोहिन्द्र कुमार, निवासी ग्राम शिखर, तहसील डेरा बाबा नानक, थाना कोटली सूरत मल्ली, जिला गुरदासपुर (पंजाब), उम्र 32 वर्ष।

2. सुखबीर सिंह पुत्र तारा सिंह, निवासी भटिक्के, थाना तरशिक्का, जिला अमृतसर (पंजाब), उम्र 52 वर्ष।

 

पुलिस टीम

 

– प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा

– उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल

– हेड कांस्टेबल संजय पाल

– हेड कांस्टेबल सतीश नौटियाल

– कांस्टेबल सुनील चौहान

– कांस्टेबल अजीत तोमर