मानसून 2026: भीमगोड़ा बैराज से आज सबसे अधिक 1.47 लाख क्यूसेक पानी की निकासी !
रिपोर्ट: अरुण कश्यप।
हरिद्वार। मानसून 2026 के दौरान सोमवार को भीमगोड़ा बैराज से इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक जल प्रवाह दर्ज किया गया। सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश के अधिशाषी अभियंता विकास त्यागी के अनुसार आज भीमगोड़ा बैराज से 1 लाख 47 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई।
गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए बैराज के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की गई, ताकि जल दबाव को नियंत्रित रखा जा सके। विभाग लगातार गंगा के जलस्तर की निगरानी कर रहा है और स्थिति पर 24 घंटे नजर बनाए हुए है।प्रशासन ने गंगा तटों, घाटों तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से गंगा के तेज बहाव को देखते हुए नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।अधिशाषी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि मानसून के दौरान जल प्रवाह में लगातार उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। ऐसे में विभाग आवश्यकतानुसार बैराज के संचालन और जल निकासी की व्यवस्था कर रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
