बाल दिवस पर पुलिस कप्तान का सरप्राइज विज़िट — नन्हे मुन्नों संग बिताए खुशनुमा पल, चॉकलेट खिलाकर जीता दिल
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार। बाल दिवस के अवसर पर बुधवार सुबह पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित पुलिस मॉडल स्कूल में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार अचानक बच्चों के बीच पहुंच गए। एसएसपी ने छोटे-छोटे बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल पूछा और सभी को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
बच्चों ने जैसे ही देखा कि पुलिस कप्तान उनके बीच आए हैं, मासूम चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। इसी दौरान एसएसपी ने अपने हाथों से बच्चों को चॉकलेट खिलाई, जिसे पाकर बच्चों ने उत्साह से कहा— “थैंक्यू पुलिस अंकल!”
एसएसपी ने कहा कि “यही बच्चे देश का भविष्य हैं। इन्हें सकारात्मक ऊर्जा, सुरक्षित वातावरण और सही दिशा देना हम सभी की प्राथमिकता है।” विद्यालय प्रशासन ने भी पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए इसे बच्चों के लिए प्रेरणादायक पल बताया।
बाल दिवस पर पुलिस और बच्चों के बीच दिखा यह स्नेहिल संवाद सभी के दिलों को छू गया।
